बिलासपुर, 1 जुलाई 2026 – बेलतरा विधानसभा क्षेत्र के मंगला में आज विकास कार्यों की सौगात का दिन रहा। केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने मंगला स्थित माता चौरा में आयोजित कार्यक्रम में लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर क्षेत्र के समग्र विकास को गति देते हुए उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने स्थानीय निवासियों की मांग पर मंगला में मुक्तिधाम निर्माण के लिए 50 लाख रुपये, सामुदायिक भवन के लिए 1 करोड़ रुपये और क्षेत्र में पृथक ‘जल आवर्धन योजना’ शुरू करने की महत्वपूर्ण घोषणा की।
डबल इंजन सरकार विकास के प्रति संकल्पित: केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर विकास को एक मिशन की तरह आगे बढ़ा रही हैं। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में बुनियादी ढांचे का विस्तार हो रहा है। हमारी कार्य संस्कृति केवल भूमिपूजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समयबद्ध तरीके से कार्यों को पूर्ण कर उनका लोकार्पण करना हमारी प्राथमिकता है।”
पेयजल और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सर्वोच्च प्राथमिकता: उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव
उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव ने जानकारी दी कि प्रदेश सरकार बिलासपुर के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में बिलासपुर नगर निगम को 437 करोड़ रुपये की राशि विकास कार्यों हेतु उपलब्ध कराई गई है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि क्षेत्र में पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा और जनता की आवश्यकताओं के अनुरूप हरसंभव विकास कार्य कराए जाएंगे।
बेलतरा में 1000 करोड़ से अधिक के कार्य: विधायक श्री सुशांत शुक्ला
बेलतरा विधायक श्री सुशांत शुक्ला ने क्षेत्र में हो रहे बदलावों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बेलतरा विधानसभा में अब तक 1000 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्य संपन्न हुए हैं। उन्होंने कहा कि सड़क, पानी और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है।
कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ पाठ्यपुस्तक निगम के अध्यक्ष श्री राजा पांडे, महापौर श्रीमती पूजा विधानी, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजेश सूर्यवंशी, नगर निगम कमिश्नर श्री प्रकाश सर्वे, शहर अध्यक्ष श्री दीपक सिंह, जिला ग्रामीण अध्यक्ष श्री मोहित जायसवाल और भाजपा जिला बिलासपुर ग्रामीण के संयोजक श्री प्रणव शर्मा समदरिया सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।


