बिलासपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के ‘सुशासन’ के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए बिलासपुर जिले में आगामी 1 मई से ‘सुशासन तिहार’ का शंखनाद होने जा रहा है। “सुशासन का शासन आपके द्वार-समाधान हर बार” के ध्येय वाक्य के साथ शुरू होने वाला यह अभियान 10 जून 2026 तक चलेगा। इस दौरान जिले की पंचायतों, नगर पंचायतों और शहरी वार्डों में तिथिवार शिविर लगाकर आम जनता की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा।
मस्तूरी ब्लॉक में शिविरों का पूरा शेड्यूल
विकासखंड मस्तूरी के अंतर्गत विभिन्न ग्राम पंचायतों और नगर पंचायतों में शिविरों का आयोजन किया जाएगा, ताकि ग्रामीणों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। प्रमुख तिथियां इस प्रकार हैं:
- 4 मई: ग्राम पंचायत सोठी
- 6 मई: नगर पंचायत मल्हार
- 7 मई: ग्राम पंचायत सीपत
- 13 मई: ग्राम पंचायत पन्धी
- 15 मई: नगर पंचायत मल्हार (पुनः)
- 18 मई: ग्राम पंचायत मस्तूरी
- 23 मई: ग्राम पंचायत भटचौरा
- 26 मई: नगर पंचायत मल्हार
- 30 मई: ग्राम पंचायत परसोडी
- 5 जून: ग्राम पंचायत केवटाडीह (टाँगर)
- 9 जून: ग्राम पंचायत बूढ़ीखार
कलेक्टर की अपील: शिविरों का उठाएं लाभ
जिला कलेक्टर श्री संजय अग्रवाल ने जिलेवासियों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि शासन की सेवाओं को सीधे जनता के घर-द्वार तक पहुंचाना इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। कलेक्टर ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथियों पर अपने निकटतम शिविर स्थल पर पहुंचें, सरकारी योजनाओं का लाभ लें और अपनी लंबित समस्याओं का मौके पर ही समाधान कराएं।
कुल 73 शिविरों के माध्यम से जिले के अंतिम व्यक्ति तक विकास और न्याय पहुंचाने की तैयारी प्रशासन ने पूरी कर ली है। अब गेंद जनता के पाले में है कि वे इस ‘सुशासन तिहार’ का कितना लाभ उठाते हैं।

