बिलासपुर – सिविल लाइन थाना क्षेत्र के शुभम विहार के शिक्षक कॉलोनी स्थित गौरा-गौरी मंदिर परिसर में आज प्रेम संबंधों से जुड़ी एक सनसनीखेज घटना सामने आई। यहां किराए के मकान में रहकर होटल में काम करने वाले 25 वर्षीय युवक की उसकी गर्लफ्रेंड ने चाकू मारकर हत्या कर दी।
मृतक की पहचान कामता प्रसाद सूर्यवंशी (25 वर्ष), पिता दूज राम सूर्यवंशी, निवासी ग्राम करा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह शुभम विहार क्षेत्र में किराए पर रह रहा था और हरि चटनी होटल में स्टाफ के तौर पर काम करता था
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक और उसकी गर्लफ्रेंड के बीच मोबाइल नंबर ब्लॉक करने को लेकर विवाद हुआ था। विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर युवती ने पास में रखे चाकू से युवक पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
सीपत की रहने वाली है आरोपी युवती
आरोपी युवती मूल रूप से सीपत थाना क्षेत्र के झलमला गांव की रहने वाली बताई जा रही है। वह फिलहाल बिलासपुर के कुदुदंड इलाके में किराए के मकान में रह रही थी।
मौके पर पहुंची पुलिस, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित कर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं आरोपी युवती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी गई है।
प्रेम संबंधों का मामला, हर पहलू से जांच
सिविल लाइन थाना पुलिस का कहना है कि मामला प्रेम संबंधों से जुड़ा है। पूछताछ के बाद मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि घटना से जुड़े सभी तथ्य सामने आ सकें।

