चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित किसानों को शीघ्र मिलेगी राहत, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने दिए सख्त निर्देश

रायपुर (मनोज वर्मा )
छत्तीसगढ़ में चक्रवात ‘अर्नब’ के कारण फसलों को हुए नुकसान को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राज्य के सभी जिला कलेक्टरों को तत्काल प्रभाव से फसल क्षति का विस्तृत सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि प्रदेश के अन्नदाताओं के हितों की रक्षा करना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सर्वेक्षण में न हो अनावश्यक विलंब
मुख्यमंत्री साय ने सभी जिला प्रशासन को पूरी संवेदनशीलता और तत्परता से कार्य करने की हिदायत दी है। उन्होंने कहा, “प्रभावित किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और उन्हें समय पर आर्थिक राहत मिल सके, इसके लिए प्रशासन मुस्तैदी से जुटे। सर्वेक्षण से लेकर राहत राशि वितरण की पूरी प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
RBC 6-4 के तहत मिलेगी सहायता राशि
निर्देशों के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों में फसलों के नुकसान का त्वरित आकलन कर राजस्व पुस्तक परिपत्र (R.B.C.) 6-4 के प्रावधानों और निर्धारित मानदंडों के तहत सभी पात्र किसानों को सहायता राशि जल्द से जल्द उपलब्ध कराई जाएगी।
सरकार अन्नदाताओं के साथ खड़ी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि हमारी सरकार अन्नदाताओं के हितों की रक्षा और उन्हें हरसंभव संबल प्रदान करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में सरकार पूरी मुस्तैदी के साथ किसानों के साथ खड़ी है।
