दिशा कॉलेज में ‘युवा संवाद’: 250 से अधिक युवाओं ने लिया लोकतंत्र को मजबूत बनाने का संकल्प
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं से किया सीधा संवाद, राष्ट्र निर्माण और नागरिक जिम्मेदारियों पर दिया मार्गदर्शन
रायपुर (मनोज वर्मा )
मेरा युवा भारत (MY Bharat), रायपुर द्वारा दिशा कॉलेज में ‘विकसित भारत युवा संवाद – Know Your Vote’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में 250 से अधिक युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोकतंत्र को मजबूत बनाने, लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने युवाओं के प्रश्नों के दिए उत्तर
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में रायपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद बृजमोहन अग्रवाल उपस्थित रहे। युवाओं से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उन्होंने लोकतंत्र के महत्व और राष्ट्र निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका पर प्रकाश डाला। संवाद सत्र के दौरान छात्र-छात्राओं ने लोकतंत्र, नागरिक कर्तव्यों और सामाजिक सहभागिता से जुड़े कई सवाल पूछे, जिनका सांसद महोदय ने सहजता और विस्तार से उत्तर दिया।
SIR और मताधिकार के प्रति किया गया जागरूक
कार्यक्रम में यूथ आइकन सुयश पांडे ने युवाओं को SIR (Special Intensive Revision) तथा मतदाता सूची की प्रक्रियाओं की जानकारी दी। उन्होंने ‘Know Your Vote’ अभियान के तहत युवाओं को सही समय पर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने और मताधिकार का सही उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। वहीं, स्पोर्ट्स आइकन लक्की पटेल ने भी युवाओं का उत्साहवर्धन किया।
MY Bharat पोर्टल से जुड़ने की अपील
माय भारत, रायपुर के असिस्टेंट डायरेक्टर रमन पटेल ने ‘MY Bharat’ पोर्टल की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने युवाओं से पोर्टल पर पंजीकरण कराने, ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ जैसी गतिविधियों में भाग लेने तथा स्वयंसेवा के जरिए समाज सेवा से जुड़ने का आह्वान किया।
समारोह के अंत में दिशा कॉलेज के प्राचार्य ए.के. तिवारी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, आयोजकों और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। यह आयोजन युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति जागरूक करने और उनमें नेतृत्व क्षमता का विकास करने की दिशा में एक सफल पहल साबित हुआ।
