रायपुर में स्थापित होगी छत्तीसगढ़ की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकाई, 3,500 युवाओं को मिलेगा रोजगार

रायपुर (मनोज वर्मा )
छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए रोजगार के नए और सुनहरे अवसर सृजित करने की दिशा में राज्य सरकार ने एक ऐतिहासिक कदम उठाया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की गरिमामयी उपस्थिति में आज नवा रायपुर में ‘यश फैन्स’ (Yash Fans) की नई औद्योगिक इकाई का भूमिपूजन किया गया।

₹152.74 करोड़ के भारी-भरकम निवेश से स्थापित होने वाली यह इकाई छत्तीसगढ़ की पहली कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग इकाई होगी, जिससे राज्य के 3,500 से अधिक लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा।
प्रतिष्ठित ब्रांड्स के उत्पाद अब छत्तीसगढ़ में: हैदराबाद स्थित यश फैन्स वर्तमान में देश के कई राज्यों में 12 विनिर्माण इकाइयों का संचालन करती है। यह कंपनी क्रॉम्पटन (Crompton), हैवेल्स (Havells), उषा (Usha) और मिल्टन (Milton) जैसे देश के नामी-ग्राममी ब्रांड्स के लिए इलेक्ट्रिक फैन्स और किचन एप्लायंसेस का निर्माण करती है। अब इन प्रतिष्ठित ब्रांड्स के उत्पाद छत्तीसगढ़ की धरती पर ‘मेड इन छत्तीसगढ़’ के टैग के साथ तैयार होंगे।
स्थानीय संसाधनों का वैल्यू एडिशन: इस परियोजना की सबसे बड़ी खासियत यह है कि छत्तीसगढ़ में उत्पादित होने वाले स्टील और एल्युमिनियम का उपयोग अब सीधे तौर पर तैयार उत्पादों (Finished Goods) को बनाने में किया जाएगा, जिससे राज्य के खनिज संसाधनों का अधिकतम स्थानीय लाभ मिल सकेगा।
सहायक उद्योगों और व्यवसायों को बढ़ावा: इस इकाई के आने से कल-पुर्जों की आपूर्ति, पैकेजिंग, परिवहन और अन्य सहायक सेवाओं की मांग में तेजी आएगी, जिससे स्थानीय उद्यमियों और छोटे व्यापारियों के लिए कारोबार के नए रास्ते खुलेंगे।
औद्योगिक विकास नीति 2024-30 का प्रभाव: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार की नई औद्योगिक नीति के तहत बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित करने वाले उद्योगों को विशेष प्रोत्साहन दिया जा रहा है। सरकार का मुख्य उद्देश्य युवाओं को उनके गृह राज्य में ही बेहतर आजीविका के साधन उपलब्ध कराना है।
समारोह में प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति
इस महत्वपूर्ण भूमिपूजन समारोह में छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय मुख्यमंत्री विष्णु देव साय , लखन लाल देवांगन (वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री) ओ.पी. चौधरी (आवास एवं पर्यावरण मंत्री) राजीव अग्रवाल (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ राज्य औद्योगिक विकास निगम) रितेश नरेडी (चेयरमैन, यश फैन्स) एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित रहें ।
कार्यक्रम के अंत में कंपनी के चेयरमैन रितेश नरेडी ने छत्तीसगढ़ की रणनीतिक भौगोलिक स्थिति, प्रचुर मात्रा में उपलब्ध कच्चे माल और राज्य सरकार के सकारात्मक सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि यह निवेश कंपनी के विस्तार और राज्य के औद्योगिक विकास दोनों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
राज्य सरकार ने आश्वस्त किया है कि इस परियोजना को धरातल पर उतारने और उत्पादन शीघ्र शुरू कराने के लिए हरसंभव प्रशासनिक सहायता प्रदान की जाएगी।
