बिलासपुर — मिली जानकारी के अनुसार रामगोपाल तिवारी (55) निवासी अशोक नगर सरकंडा ने 14 जनवरी की रात 9.30 बजे थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह नवधा रामायण पाठ से साइकिल से घर लौट रहा था। महर्षि कश्यप नगर कॉलोनी के पास चार युवक दौड़ते हुए आए और गाली-गलौज करते हुए साइकिल रोक ली। विरोध करने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्के से मारपीट कर उसका जियो मोबाइल और 1000 रुपये लूट लिए। पीड़ित ने बताया कि आरोपियों ने धमकी दी कि रिपोर्ट करोगे तो जान से खत्म कर देंगे… इसके पहले भी कई लोगों का मोबाइल-पैसा लूट चुके हैं, वे डर के कारण रिपोर्ट नहीं करते हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह ने तत्काल आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए जिसके बाद अतिरिक्त एक विशेष टीम गठित की गई।
छापेमारी में 4 आरोपी पकड़े गए, कबूलीनामे में खुली पोल
18 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि अशोक नगर अटल आवास क्षेत्र में रहने वाले लड़के रात में लूटपाट करते हैं और इस समय ग्राउंड में बैठे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर घेराबंदी कर चार युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में करन यादव उर्फ केडी और दुर्गेश साहू उर्फ मुण्डा ने अपने दो नाबालिग साथियों के साथ मिलकर कई वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार की। उन्होंने न सिर्फ प्रार्थी रामगोपाल तिवारी से लूट की बात कबूली बल्कि अन्य लोगों से लूटने का भी खुलासा किया।
मोबाइल और नकदी सहित अन्य सामग्री बरामद
पुलिस ने आरोपियों से रेडमी मोबाइल, जियो मोबाइल और नाबालिगों के कब्जे से नगदी रकम बरामद कर लिया। जांच में यह भी पाया गया कि बरामद मशरूका खमतराई निवासी सुधीर श्रीवास से लूटे गए सामान से मेल खाता है। सभी आरोपियों पर धारा 126(2), 296, 309(6), 115(2), 351(2), 111(3)(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई की गई है, जिसमें संगठित अपराध की धाराएं भी जोड़ी गईं।
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
पुलिस ने करन यादव उर्फ केडी, पिता फेकूराम, उम्र 19 वर्ष, निवासी अशोक नगर सरकंडा, दुर्गेश साहू उर्फ मुण्डा, पिता बुधारू साहू, उम्र 20 वर्ष, निवासी अशोक नगर सरकंडा और दो नाबालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

