मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की पहल से जशपुर में आवासीय विकास को नई गति, कुनकुरी और जशपुर में बनेंगी दो आधुनिक आवासीय कॉलोनियां

रायपुर:
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के प्रत्येक जरूरतमंद परिवार को सुरक्षित, सुविधायुक्त और किफायती आवास उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। इसी कड़ी में मुख्यमंत्री के गृह जिले जशपुर को आवासीय विकास के क्षेत्र में बड़ी सौगातें मिली हैं। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा अटल विहार योजना के अंतर्गत कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार और जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में लगभग 51 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से दो आधुनिक आवासीय कॉलोनियां विकसित की जाएंगी, जिनके तहत कुल 225 आवासों का निर्माण होगा।
यह परियोजनाएं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन तथा आवास एवं पर्यावरण मंत्री एवं जशपुर जिले के प्रभारी मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के विशेष प्रयासों से आगे बढ़ाई जा रही हैं। सरकार का उद्देश्य है कि आधुनिक आवासीय सुविधाओं का विस्तार केवल बड़े शहरों तक सीमित न रहकर जिला मुख्यालयों, छोटे नगरों और विकासखंड स्तर तक हो। इसी सोच के तहत छत्तीसगढ़ के सभी 33 जिलों में आवासीय योजनाओं का विस्तार किया जा रहा है।
कुनकुरी के गिनाबहार में 17.15 करोड़ से बनेगी पहली आधुनिक कॉलोनी
कुनकुरी विकासखंड के ग्राम गिनाबहार में लगभग 7 एकड़ भूमि पर क्षेत्र की पहली आधुनिक आवासीय कॉलोनी विकसित की जाएगी, जिसके लिए 17 करोड़ 15 लाख रुपये की प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है।
कुल आवास: 97 (जिसमें से 91 आवास ईडब्ल्यूएस और एलआईजी वर्ग के लिए हैं)।
विशेष छूट व अनुदान: राज्य शासन द्वारा भूमि मात्र 1 रुपये प्रति वर्गफुट की दर से उपलब्ध कराई गई है। पात्र ईडब्ल्यूएस हितग्राहियों को 80 हजार रुपये और एलआईजी हितग्राहियों को 40 हजार रुपये का अनुदान मिलेगा।
सुविधाएं: कुनकुरी-बगीचा मार्ग (एनएच-43 से 2 किमी दूर) स्थित इस परिसर में सुव्यवस्थित आंतरिक सड़कें, सुरक्षा, हरित वातावरण और जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था होगी।
जशपुर के बालाछापर में 34.32 करोड़ से बनेंगे 128 आवास व व्यावसायिक परिसर
जशपुर नगर के ग्राम बालाछापर में लगभग 7 एकड़ भूमि पर 34 करोड़ 32 लाख रुपये की लागत से दूसरी बड़ी आवासीय परियोजना आकार लेगी।
आवासों का विवरण: इसमें उच्च आय वर्ग (HIG) के 11, मध्यम आय वर्ग (MIG) के 20, जूनियर MIG के 4, LIG के 55 और EWS के 38 आवासों सहित कुल 128 आवास और व्यावसायिक दुकानों का निर्माण होगा।
आधुनिक सुविधाएं: रायगढ़ रोड (एनएच-43 से 200 मीटर दूर) स्थित इस कवर्ड कैंपस में बस स्टॉप, सामुदायिक भवन, बॉक्स क्रिकेट, आकर्षक गार्डन, किड्स प्ले एरिया और दुकानें जैसी सभी आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
महुआटोली, कडोरा और पत्थलगांव में भी विस्तार की तैयारी
मुख्यमंत्री साय के मार्गदर्शन में जशपुर जिले के महुआटोली, कडोरा तथा पत्थलगांव (ग्राम मदनपुर) में भी आवासीय योजनाओं के विस्तार की तैयारी है।
बुकिंग जानकारी: छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के जशपुर कार्यपालन अभियंता प्रफुल्ल चौरे ने बताया कि ग्राम मदनपुर, पत्थलगांव की आवासीय योजना के लिए बुकिंग प्रक्रिया 6 अक्टूबर 2026 से प्रारंभ हो चुकी है, जिसके प्रथम चक्र की अंतिम तिथि 20 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है।
मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव ने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य नागरिकों को केवल मकान देना नहीं, बल्कि एक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और आधुनिक नागरिक सुविधाओं से युक्त संपूर्ण आवासीय वातावरण प्रदान करना है
