बेलतरा विधायक के खिलाफ कांग्रेस का हल्ला बोल, 13 अक्टूबर को कलेक्टर कार्यालय का घेराव
बिलासपुर:
बेलतरा विधानसभा क्षेत्र में कथित प्रशासनिक प्रताड़ना, राजनीतिक बदले की भावना और मूलभूत सुविधाओं के घोर अभाव के खिलाफ कांग्रेस ने आर-पार की लड़ाई का ऐलान कर दिया है। जिला कांग्रेस कमेटी (शहर/ग्रामीण) और बेलतरा, रतनपुर व सरकंडा ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के संयुक्त आह्वान पर 13 अक्टूबर (मंगलवार) को एक विशाल प्रदर्शन और कलेक्टर कार्यालय का घेराव किया जाएगा।
कांग्रेसजनों का आरोप है कि स्थानीय बीजेपी विधायक के दबाव में प्रशासन “प्रशासनिक आतंकवाद” चला रहा है, जिससे न केवल विपक्षी विचारधारा के जनप्रतिनिधि प्रताड़ित हो रहे हैं, बल्कि आम जनता के अधिकार भी कुचल जा रहे हैं।
आंदोलन के मुद्दे और आरोप:
प्रशासनिक प्रताड़ना और भेदभाव: ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष एवं सरपंच धनंजय सिंह के साथ हुई हालिया घटना और निर्वाचित पंचायत एवं नगर निगम प्रतिनिधियों को डराने-धमकाने का गंभीर आरोप लगाया गया है।
विकास कार्यों में उपेक्षा: कांग्रेस विचारधारा से जुड़े क्षेत्रों में विकास कार्यों जानबूझकर रोकने और भेदभाव करने का मामला उठाया गया है।
ठेकेदारों की दादागिरी: विधायक के करीबियों और तथाकथित ठेकेदारों द्वारा पंचायतों व निगम क्षेत्रों में जबरन काम थोपने और हस्तक्षेप करने का विरोध किया जा रहा है।
जनता की बुनियादी समस्याएं: बेलतरा विधानसभा के ग्रामीण और निगम क्षेत्रों में टूटी सड़कें, बढ़े हुए बिजली बिल, अवैध उत्खनन, जलभराव और गरीबों के आशियानों पर हो रही तोड़फोड़ के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया है।
महिला मोर्चा का विरोध: बिलासपुर कांग्रेस भवन में हाल ही में बीजेपी महिला मोर्चा द्वारा किए गए कथित अनाधिकृत और निंदनीय कृत्य की कड़ी निंदा की गई है।
मुख्य चुनाव आयुक्त का इस्तीफा: लोकतंत्र की रक्षा और निष्पक्षता की मांग को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को भी प्रमुखता से शामिल किया गया है।
आंदोलन की रूपरेखा:
- दिनांक: 13 अक्टूबर, मंगलवार
- समय: दोपहर 12:00 बजे
- स्थान: कांग्रेस भवन, बिलासपुर (यहाँ से कलेक्टर कार्यालय के लिए घेराव मार्च निकाला जाएगा)
कांग्रेस नेतृत्व ने बेलतरा विधानसभा के समस्त नागरिकों, गरीबों, पंचायत व निगम प्रतिनिधियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे जनता के अधिकारों, सम्मान और समान विकास के इस निर्णायक संघर्ष में भारी संख्या में एकजुट होकर शामिल हों।
