मैत्री बाग में वन्यजीव संरक्षण सप्ताह संपन्न: मोबाइल से दूरी बना, प्रकृति से जुड़ने का संदेश

भिलाई:
सेल-भिलाई इस्पात संयंत्र के उद्यानिकी एवं नगर सेवाएं विभाग द्वारा मैत्री बाग चिड़ियाघर में आयोजित ‘वन्यजीव संरक्षण सप्ताह-2026’ का समापन शनिवार (11 अक्टूबर) को मोमबत्ती लॉन में हुआ। सप्ताहभर चले इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य बच्चों और नागरिकों में वन्यजीवों व पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना था।

समापन समारोह में उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व (रायपुर) के मुख्य वन संरक्षक एवं क्षेत्रीय निदेशक गुरुनाथन एन. मुख्य अतिथि और भिलाई इस्पात संयंत्र के कार्यपालक निदेशक (मानव संसाधन) पवन कुमार विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए।
मोबाइल छोड़ प्रकृति से जुड़ें: गुरुनाथन
मुख्य अतिथि गुरुनाथन एन. ने इस वर्ष की थीम ‘कनेक्टिंग हैबिटेट्स – थ्राइविंग वाइल्डलाइफ’ पर जोर देते हुए कहा कि आज की पीढ़ी तकनीक और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में उलझ कर रह गई है। उन्होंने बच्चों और अभिभावकों से अपील की कि वे स्क्रीन टाइम कम करें और वन्यजीवों के प्राकृतिक आवासों व प्रकृति के बीच अधिक समय बिताएं।
अध्यक्षता कर रहे कार्यपालक निदेशक पवन कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण किसी एक की नहीं, बल्कि हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।
स्कूली बच्चों ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा
उद्यान एवं नगर सेवाएं विभाग के उप महाप्रबंधक विक्रांत शरण के मार्गदर्शन में 2 से 8 अक्टूबर तक विभिन्न प्रतियोगिताएं हुईं:
चित्रकला और भाषण: 2 अक्टूबर को पेंटिंग और 7-8 अक्टूबर को भाषण प्रतियोगिता आयोजित की गई।
फ्री चिड़ियाघर भ्रमण: ‘एक सफर मैत्री बाग का’ अभियान के तहत 9 और 10 अक्टूबर को सैकड़ों स्कूली बच्चों को मैत्री बाग का निःशुल्क भ्रमण कराया गया।
विजेता और समाजसेवी सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। भाषण प्रतियोगिता के विजेता आयुष्मान शर्मा ने अपना भाषण सुनाकर सभी का मन मोह लिया।
इसके अलावा, पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने के लिए बालू राम वर्मा, जागेश्वर राव, युवराज देशमुख और सर्वधर्म सेवा संस्था को सम्मानित किया गया। समारोह में छत्तीसगढ़ी, राजस्थानी और कथक नृत्य की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
अंत में विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और निर्णायक मंडल के सदस्यों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।