स्वस्थ और विकसित छत्तीसगढ़ का निर्माण हमारी सरकार का संकल्प: मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने राजधानी रायपुर के देवपुरी में लगभग एक एकड़ क्षेत्र में निर्मित 125 बिस्तरों वाले अत्याधुनिक सुपर स्पेशलिटी प्रथमेश हॉस्पिटल का औपचारिक शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित और समृद्ध छत्तीसगढ़ की सबसे मजबूत नींव हैं और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक को सुलभ, किफायती और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
मध्य भारत का प्रमुख मेडिकल हब बनता छत्तीसगढ़: मुख्यमंत्री ने कहा कि स्वास्थ्य अधोसंरचना को मजबूत करने और दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर सेवाएं पहुंचाने के निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप छत्तीसगढ़ आज मध्य भारत के प्रमुख मेडिकल हब के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है।
बाहरी राज्यों पर निर्भरता होगी कम: रायपुर सहित प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में आधुनिक अस्पतालों और विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाओं के विस्तार से गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए अब मरीजों को दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा, जिससे उनका आर्थिक बोझ और व्यावहारिक कठिनाइयां कम होंगी।
नवा रायपुर में 200 एकड़ में मेडिसिटी: स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा निवेश के प्रमुख केंद्र के रूप में छत्तीसगढ़ को स्थापित करने के लिए नवा रायपुर में 200 एकड़ क्षेत्र में आधुनिक मेडिसिटी विकसित की जा रही है, जिससे मेडिकल टूरिज्म और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलेगा।
डबल इंजन सरकार का स्वास्थ्य सुरक्षा कवच: प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘आयुष्मान भारत योजना’ के माध्यम से गरीब और जरूरतमंद परिवारों को गंभीर बीमारियों के उपचार के लिए मजबूत आर्थिक सुरक्षा मिली है। जिला अस्पतालों से लेकर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों तक स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है।
रोजगार और मानव संसाधन का विस्तार: आधुनिक चिकित्सा संस्थानों के खुलने से न केवल मरीजों को गुणवत्तापूर्ण उपचार मिलेगा, बल्कि चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मियों और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
इस शुभारंभ समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल, विधायक मोतीलाल साहू, प्रथमेश हॉस्पिटल ग्रुप के डॉ. राजीव साहू और डॉ. सारिका साहू सहित अनेक जनप्रतिनिधि, चिकित्सक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
