रायपुर

मुख्यमंत्री की संवेदनशील पहल: दुर्लभ बीमारी से पीड़ित 10 वर्षीय रिमोन के इलाज के लिए 12 लाख रुपये स्वीकृत, किसान परिवार में जगी नई उम्मीद

बिलासपुर बुलेटिन न्यूज़

​रायपुर: सक्ती जिले के ग्राम धुरकोट निवासी 10 वर्षीय रिमोन टंडन के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल वरदान साबित हुई है। दुर्लभ बीमारी से जूझ रहे बच्चे के महंगे इलाज को लेकर चिंतित किसान परिवार को मुख्यमंत्री ने बड़ी राहत देते हुए ‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना’ के अंतर्गत तत्काल 12 लाख रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। मुख्यमंत्री ने मुलाकात के दौरान रिमोन को गोद में उठाकर दुलारा और कहा कि यह केवल उनका नहीं, बल्कि सरकार का भी बेटा है।

​‘आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी’ से पीड़ित है रिमोन

​सक्ती जिले के डभरा विकासखंड के धुरकोट गांव के रहने वाले 10 वर्षीय रिमोन टंडन ‘आइसोलेटेड ग्रोथ हार्मोन की कमी (टाइप ए-1)’ जैसी अत्यंत दुर्लभ बीमारी से पीड़ित हैं। चिकित्सकों के अनुसार, इस विशेष चिकित्सा और उपचार पर लगभग 12 लाख रुपये का खर्च आना था।

​रिमोन के पिता अजय कुमार टंडन खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। सीमित आय होने के कारण इतनी बड़ी राशि जुटा पाना उनके लिए असंभव था। महंगे इलाज की चिंता ने परिवार को गहरे संकट में डाल रखा था, लेकिन मुख्यमंत्री विशेष सहायता योजना ने उनके लिए उम्मीद के नए दरवाजे खोल दिए हैं।

​“यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है” – मुख्यमंत्री

​मुख्यमंत्री से मिलने जब रिमोन अपने माता-पिता के साथ पहुंचा, तो एक बेहद आत्मीय और भावुक क्षण देखने को मिला। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बच्चे को स्नेहपूर्वक अपनी गोद में उठाया और उसके स्वास्थ्य की पूरी जानकारी ली।

​परिवार की आर्थिक स्थिति से अवगत होने पर मुख्यमंत्री ने तुरंत 12 लाख रुपये की सहायता के निर्देश दिए। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए कहा, “यह केवल आपका नहीं, हमारा भी बेटा है। इसके स्वास्थ्य की चिंता करना हमारी भी जिम्मेदारी है। उपचार में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।”

​नन्हे रिमोन ने सुनाया गीत, पिता ने जताया आभार

​मुख्यमंत्री से मिली इस मदद से बेहद खुश नन्हे रिमोन ने उन्हें एक प्यारा सा गीत सुनाकर धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री ने बड़े स्नेह से उसका गीत सुनकर उसका हौसला बढ़ाया और उसे खूब पढ़ने, आगे बढ़ने तथा स्वस्थ होकर अपने सपने पूरे करने का आशीर्वाद दिया।

​किसान पिता अजय कुमार टंडन ने भावुक होकर कहा कि कठिन समय में मुख्यमंत्री द्वारा उठाया गया यह कदम उनके परिवार के लिए सबसे बड़ा सहारा है। उन्होंने राज्य सरकार और मुख्यमंत्री के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।

​जरूरतमंदों का संबल बन रही है योजना

​राज्य सरकार गंभीर एवं दुर्लभ बीमारियों से पीड़ित जरूरतमंद परिवारों के बेहतर उपचार के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। ‘मुख्यमंत्री विशेष स्वास्थ्य सहायता योजना’ ऐसे परिवारों के लिए बड़ा संबल बन रही है, ताकि आर्थिक तंगी किसी भी नागरिक के इलाज में बाधा न बने। रिमोन के लिए स्वीकृत यह सहायता मुख्यमंत्री की संवेदनशीलता और जनहितैषी सोच का एक और बेहतरीन उदाहरण है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
login
Wtsp
Search
Insta
CONTACT
error: Content is protected !!