स्वामी विवेकानंद विमानतल रायपुर में ‘यात्री सेवा अभियान 2026’ का समापन; बेहतर सुविधाओं पर रहा जोर

रायपुर।
भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) द्वारा देशभर के हवाई अड्डों पर 17 सितंबर से आयोजित ‘यात्री सेवा अभियान 2026’ का 10 अक्टूबर को स्वामी विवेकानंद विमानतल, रायपुर में औपचारिक समापन हुआ। 24 दिनों तक चले इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य हवाई यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध कराना, स्वच्छता एवं सुगम्यता को बढ़ावा देना तथा यात्रा को अधिक सुरक्षित और आरामदायक बनाना था।
यात्री सुविधाएँ एवं डिजिटल सेवा: टर्मिनल भवन और यात्री आवागमन क्षेत्रों की स्वच्छता, उड़ानों की सटीक जानकारी के लिए उड़ान सूचना प्रदर्शन प्रणाली (FIDS) का निरीक्षण और डिजी यात्रा (Digi Yatra) के प्रति यात्रियों को जागरूक किया गया।
विशेष वर्गों के लिए प्राथमिकता: वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बच्चों और परिवारों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष सहायता व्यवस्था, बेबी केयर रूम और सिटिंग एरिया का पुनरीक्षण किया गया।
पर्यावरण व स्वच्छता अभियान: एयरपोर्ट परिसर में सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग पर कड़ाई से प्रतिबंध लागू करने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी संदेश दिया गया।
फीडबैक और कर्मचारी प्रशिक्षण: यात्रियों से सीधे सुझाव एवं फीडबैक प्राप्त किए गए, वहीं फ्रंटलाइन स्टाफ को यात्री-केंद्रित व्यवहार और त्वरित सहायता प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
इस अवसर पर कार्यवाहक एयरपोर्ट डायरेक्टर के.के. लहरें ने कहा: भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण प्रत्येक यात्री को सुरक्षित, सुविधाजनक और सहज यात्रा अनुभव प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। यह अभियान केवल एक निश्चित अवधि का कार्यक्रम नहीं है, बल्कि हमारी सेवाओं में निरंतर सुधार का एक संकल्प है। इस दौरान किए गए प्रयासों को अब रायपुर एयरपोर्ट की नियमित कार्यप्रणाली का हिस्सा बनाया जाएगा।
अभियान के समापन के साथ ही रायपुर एयरपोर्ट प्रबंधन ने भविष्य में भी यात्रियों के प्रति सेवा, सम्मान और गुणवत्तापूर्ण सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात दोहराई है।
