एसईसीएल मुख्यालय में राजभाषा पखवाड़ा 2026 का भव्य समापन

बिलासपुर (मनोज वर्मा )
साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय के ऑडिटोरियम में राजभाषा पखवाड़ा 2026 का समापन समारोह हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। गृह मंत्रालय, राजभाषा विभाग (भारत सरकार) के निर्देशानुसार आयोजित इस पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य कार्यालयीन कामकाज में राजभाषा हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देना था।

समारोह में निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि के रूप में निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार एवं मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, क्षेत्रीय कार्यालयों के प्रतिनिधि, मुख्यालय के अधिकारी-कर्मचारी, ठेका कर्मी, स्कूली छात्र-छात्राएं एवं महाविद्यालय की छात्राएं बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।
सांस्कृतिक शुभारंभ और व्यापक सहभागिता
कार्यक्रम का पारंपरिक शुभारंभ अतिथियों द्वारा माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। उप महाप्रबंधक (मानव संसाधन-प्रशासन/जनसंपर्क/राजभाषा) मनीष कुमार श्रीवास्तव ने स्वागत उद्बोधन देते हुए पखवाड़े के दौरान आयोजित विभिन्न गतिविधियों की रूपरेखा साझा की।
इस वर्ष पखवाड़े के अंतर्गत कर्मचारियों, गृहणियों, ठेका कामगारों और विद्यार्थियों के लिए हिंदी निबंध लेखन, पत्र व टिप्पण लेखन, टंकण, आशुलिपि, भाषण, काव्य पाठ और हिंदी ज्ञान प्रतियोगिताओं के साथ-साथ विशेष रूप से दिव्यांग बच्चों (अंध-मूक बधिर शाला, तिफरा) के लिए भी प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, जिसे सभी ने सराहा।
राजभाषा शील्ड और उत्कृष्ट विभागों का सम्मान
समारोह का मुख्य आकर्षण विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभागों और क्षेत्रों को राजभाषा शील्ड से सम्मानित करना रहा:
तकनीकी वर्ग: सामग्री प्रबंधन विभाग (प्रथम), उत्पादन विभाग (द्वितीय), और योजना-परियोजना विभाग (तृतीय)।
गैर-तकनीकी वर्ग: प्रशासन विभाग एवं औद्योगिक संबंध विभाग (संयुक्त रूप से प्रथम), श्रमशक्ति विभाग (द्वितीय), और लोक सूचना विभाग (तृतीय)।
क्षेत्रीय स्तर: भटगांव क्षेत्र ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कोरबा क्षेत्र द्वितीय और जोहिला क्षेत्र तृतीय स्थान पर रहे।
इसके अतिरिक्त, वर्षभर शत-प्रतिशत पत्राचार हिंदी में करने वाले 11 विभागों (जनसंपर्क, सुरक्षा, उत्खनन, पीएफ-पेंशन, औद्योगिक अभियांत्रिकी, गुणवत्ता नियंत्रण, ईएंडटी, विपणन-विक्रय, अधिकारी स्थापना, भूमिगत खदान एवं प्रणाली विभाग) को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। प्रणाली विभाग, प्रशासन एवं जनसंपर्क विभाग तथा नगर प्रशासन विभाग को सर्वोच्च सहभागिता पुरस्कार प्रदान किया गया।
समारोह के अंत में अतिथियों द्वारा सभी प्रतियोगिताओं के विजेताओं, हिंदी में शैक्षणिक उपलब्धि हासिल करने वाले विद्यार्थियों तथा इस आयोजन को सफल बनाने वाले निर्णायक-विद्वानों को पुरस्कृत किया गया।