रायपुर — छत्तीसगढ़ में खनिज क्षेत्र के विकास और रणनीतिक संसाधनों के प्रभावी दोहन की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मुख्य आतिथ्य में कल 31 अगस्त को नवा रायपुर के मेफेयर लेक रिजॉर्ट में क्रिटिकल एवं स्ट्रेटेजिक मिनरल ब्लॉक्स की नीलामी की 8वीं किश्त पर रोड शो का आयोजन किया जाएगा।
इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री श्री तोखन साहू और केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री श्री सतीश चंद्र दुबे विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
- टिन पोर्टल और ई-रेत सांगवारी पोर्टल का शुभारंभ: मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय और केंद्रीय मंत्रियों की उपस्थिति में खनिज क्षेत्र को पारदर्शी और तकनीक-आधारित बनाने के लिए इन दो नए पोर्टलों की शुरुआत की जाएगी।
- महत्वपूर्ण एमओयू (समझौते): छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम (CMDC) और इंडियन ओवरसीज बैंक के बीच तथा कोरन्डम कटिंग एवं पॉलिशिंग प्रशिक्षण के लिए पं. रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय के साथ समझौतों का आदान-प्रदान होगा।
- लाइमस्टोन ब्लॉक्स के लिए एनआईटी: तीन लाइमस्टोन माइनिंग लीज ब्लॉक्स के लिए एनआईटी जारी करने की प्रक्रिया भी प्रस्तावित है।
- विशेषज्ञों की उपस्थिति: कार्यक्रम में सीएमडीसी के अध्यक्ष श्री सौरभ सिंह, छत्तीसगढ़ के मुख्य सचिव, खान मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारी, खनन विशेषज्ञ और देश भर के उद्योग जगत के प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे।
भारत सरकार द्वारा इस 8वीं किश्त के तहत ग्रेफाइट, रेयर अर्थ एलिमेंट्स, वैनेडियम, गैलियम और टंगस्टन सहित 20 प्रमुख खनिज ब्लॉक्स को नीलामी के लिए रखा गया है, जो देश की ऊर्जा सुरक्षा और औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। रोड शो के दौरान दोपहर में नीलाम प्रमुख खनिज ब्लॉक्स के ऑपरेशनलाइजेशन (संचालन) की प्रगति की भी उच्चस्तरीय समीक्षा की जाएगी।



