रायपुर (दीपक साहू )— खेल प्रेमियों के लिए एक ऐतिहासिक खबर सामने आ रही है। छत्तीसगढ़ में हॉकी के खेल को एक नया आयाम देने के लिए देश की पहली राज्य-स्तरीय हॉकी लीग का आयोजन होने जा रहा है। खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा हॉकी इंडिया की मान्यता के साथ इस अनूठी प्रतियोगिता का पहला सीजन रायपुर के सरदार वल्लभ भाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। यह प्रतिष्ठित लीग 21 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित होगी।
उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने किया लोगो और शुभंकर का अनावरण
हाल ही में राजधानी के नवीन विश्राम भवन में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री तथा खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री अरुण साव ने इस लीग के आधिकारिक लोगो, टैगलाइन और शुभंकर (मास्कट) का अनावरण किया। इस अवसर पर खेल विभाग के सचिव श्री यशवंत कुमार, संचालक सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, संयुक्त संचालक श्री प्रभाकर पाण्डेय और छत्तीसगढ़ हॉकी संघ के अध्यक्ष श्री फिरोज अंसारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
क्या होगी इस लीग की मुख्य विशेषताएँ?
- प्रोफेशनल फॉर्मेट: इसे हॉकी इंडिया लीग की तर्ज पर पूरी तरह व्यावसायिक और प्रोफेशनल रूप दिया गया है, जिसमें तकनीकी पारदर्शिता के लिए सभी अंपायर और तकनीकी अधिकारी हॉकी इंडिया द्वारा नियुक्त किए जाएंगे।
- मैदान में उतरेगी छह टीमें: इस लीग में प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करने वाली कुल 6 टीमें हिस्सा लेंगी, जिनके नाम इस प्रकार हैं:
- राजधानी रॉयल्स
- चित्रकूट चैलेंजर्स
- संस्कारधानी स्ट्राइकर्स
- चक्रधर चैंपियंस
- न्यायधानी नाइट्स
- मैनपाट टाइटन्स
- टैगलाइन और अपील: छत्तीसगढ़ी संस्कृति को बढ़ावा देते हुए इस लीग की खूबसूरत टैगलाइन “चलव रे संगी, हॉकी खेलबो” रखी गई है, जिसका अर्थ है—”चलो दोस्त, हॉकी खेलते हैं।”
- आधिकारिक शुभंकर ‘बघवा’: प्रतियोगिता का आधिकारिक मास्कट ‘बघवा’ (बाघ) है, जो छत्तीसगढ़ के जंगलों और वन्यजीव विरासत के साथ-साथ खिलाड़ियों के साहस, शक्ति और निडरता का प्रतीक है।
- निःशुल्क प्रवेश और मनोरंजन: स्टेडियम में आने वाले दर्शकों के लिए मैचों का प्रवेश पूरी तरह निःशुल्क रहेगा। इसके साथ ही, दर्शकों के लिए प्रतिदिन विशेष मनोरंजन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
टूर्नामेंट का प्रारूप
प्रतियोगिता में सभी छह टीमें आपस में लीग मुकाबले खेलेंगी। इसके बाद अंक तालिका की शीर्ष 4 टीमें सेमीफाइनल में प्रवेश करेंगी और फिर खिताबी जंग के लिए फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
इस राज्य-स्तरीय आयोजन का मुख्य उद्देश्य छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाओं को एक बड़ा मंच देना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर के प्रतिस्पर्धी माहौल से जोड़ना है, ताकि प्रदेश से भविष्य के बेहतरीन हॉकी खिलाड़ी तैयार हो सकें।



