बिलासपुर: संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा “समरसता संकल्प अभियान” का राष्ट्रव्यापी आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में भाजपा बिलासपुर ग्रामीण जिला कार्यालय में एक महत्वपूर्ण पत्रकार वार्ता आयोजित की गई, जिसे छत्तीसगढ़ शासन के पूर्व मंत्री डॉ. कृष्णमूर्ति बाँधी ने संबोधित किया।
यह अभियान 29 जुलाई 2026 से 20 फरवरी 2027 तक राष्ट्रीय, प्रदेश, जिला, मंडल और ग्राम स्तर तक व्यापक जनभागीदारी के साथ चलाया जाएगा।
अभियान के प्रमुख बिंदु और तिथियां:
- समरसता दीप महोत्सव (29 जुलाई 2026): अभियान की शुरुआत गुरु पूर्णिमा की संध्या पर होगी। जिले के सभी मंडलों में संत रविदास मंदिरों व प्रमुख मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलन, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, सामूहिक भंडारे और साधु-संतों का सम्मान किया जाएगा।
- श्री गुरु रविदास कलश वंदन अभियान (29 जुलाई से 10 सितंबर 2026): वाराणसी स्थित संत रविदास महाराज की जन्मस्थली (सीर गोवर्धनपुर) से पवित्र मिट्टी से भरे कलश देश के सभी प्रदेशों को प्रदान किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ में यह कलश यात्रा बलरामपुर, अंबिकापुर और बिलासपुर होते हुए रायपुर पहुंचेगी, जहाँ बिलासपुर जिला संगठन द्वारा इसका भव्य स्वागत किया जाएगा।
- श्री गुरु रविदास महाराज छात्रावास संपर्क अभियान (26 नवंबर 2026 से 15 जनवरी 2027): देशभर के छात्रावासों में संत रविदास के चित्र के समक्ष ‘समरसता संवाद’ आयोजित किए जाएंगे। इसमें उनके जीवन दर्शन, सामाजिक समरसता और ‘विकसित भारत’ के संकल्प जैसे विषयों पर चर्चा होगी।
पत्रकार वार्ता में उपस्थिति:
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान भाजपा बिलासपुर ग्रामीण के जिलाध्यक्ष मोहित जायसवाल, जिला महामंत्री एस. कुमार मनहर, मीडिया प्रभारी प्रणव शर्मा समदरिया और कार्यालय मंत्री महाराज सिंह नायक प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।


