रायपुर, 13 जुलाई 2026 | कोलकाता के विश्व बंगला प्रांगण में आयोजित तीन दिवसीय प्रतिष्ठित ‘ट्रैवल एंड टूरिज्म फेयर’ (TTF) कोलकाता-2026 में छत्तीसगढ़ पर्यटन ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। देश के 21 राज्यों की कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच, छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के आकर्षक और सृजनात्मक पवेलियन को ‘बेस्ट डेकोरेशन ऑफ स्टॉल एंड अपीयरेंस’ के राष्ट्रीय सम्मान से नवाजा गया है।
सांस्कृतिक और प्राकृतिक वैभव का प्रदर्शन
10 से 12 जुलाई तक चले इस मेले में छत्तीसगढ़ का पवेलियन मुख्य आकर्षण का केंद्र रहा। यहाँ बस्तर की अद्वितीय जनजातीय संस्कृति, चित्रकोट व तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, और सिरपुर-भोरमदेव जैसी ऐतिहासिक व धार्मिक धरोहरों को आधुनिक तकनीक के साथ प्रस्तुत किया गया। राज्य के इको-टूरिज्म और विविध पर्यटन परिपथों की झांकी ने पर्यटन विशेषज्ञों और निवेशकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
निवेश और साझेदारियों के लिए खुला नया द्वार
आयोजन के दौरान छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा, पर्यटन सचिव श्री एस भारतीदासन और प्रबंध संचालक श्री विवेक आचार्य ने राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर के टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंसियों और होटल समूहों के साथ कई दौर की बी-टू-बी बैठकें कीं। इन चर्चाओं का उद्देश्य पर्यटन निवेश बढ़ाना, संयुक्त टूर पैकेजों का विकास और राज्य में पर्यटकों की संख्या में वृद्धि करना था। इस फेयर में राज्य के 28 पर्यटन उद्यमियों और होटल संचालकों ने भी हिस्सा लिया, जिससे नए व्यावसायिक संबंध स्थापित हुए।
दिग्गजों ने की छत्तीसगढ़ की सराहना
मेले के उद्घाटन अवसर पर गोवा के पर्यटन मंत्री श्री रोहन ए. खंवटे, उत्तराखंड के मंत्री श्री सतपाल महाराज, पश्चिम बंगाल के मंत्री डॉ. शंकर घोष और थाईलैंड की महावाणिज्य दूत सुश्री सिरीपोर्न तांतीपन्याथेप सहित कई विशिष्ट अतिथियों ने छत्तीसगढ़ के पवेलियन का दौरा किया। सभी ने राज्य की पर्यटन संभावनाओं की भूरि-भूरि प्रशंसा की और छत्तीसगढ़ को एक ‘इमर्जिंग टूरिज्म डेस्टिनेशन’ के रूप में रेखांकित किया।
सरकार के विजन का परिणाम
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड के अध्यक्ष श्री नीलू शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और पर्यटन मंत्री श्री राजेश अग्रवाल के मार्गदर्शन में राज्य पर्यटन के क्षेत्र में निरंतर नई ऊंचाइयां छू रहा है। यह सम्मान इस बात का प्रमाण है कि छत्तीसगढ़ अपनी सांस्कृतिक और प्राकृतिक संपदा के बल पर पर्यटन मानचित्र पर अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा चुका है।
पर्यटन सचिव श्री एस भारतीदासन ने कहा कि सरकार पर्यटन को रोजगार और आर्थिक विकास का जरिया बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। वहीं, एमडी श्री विवेक आचार्य ने इसे बोर्ड के सभी हितधारकों के सामूहिक प्रयासों की सफलता बताया।
यह उपलब्धि न केवल छत्तीसगढ़ की साख बढ़ाने वाली है, बल्कि आने वाले समय में राज्य में निवेश आकर्षित करने और पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर साबित होगी।


