छत्तीसगढ़ – उत्तरप्रदेश , झारखंड , बिहार , राजस्थान के बाद अब छत्तीसगढ़ में भी बुर्का, नकाब या घूंघट पहनकर आने वालों को सोने-चांदी की दुकानों में एंट्री नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही हेलमेट पहनकर आने वाले पुरुषों की भी एंट्री बैन की गई है। छत्तीसगढ़ सर्राफा एसोसिएशन ने फैसला लिया है। छत्तीसगढ़ प्रदेश सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष कमल सोनी ने बिलासपुर में बताया कि गरियाबंद के नवापारा राजिम में ज्वेलरी शॉप में करीब एक करोड़ रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी हो गई। वारदात से प्रदेशभर के स्वर्णकारों और सर्राफा व्यापारियों में डर का माहौल है। इसी को लेकर फैसला लिया गया है। एसोसिएशन का कहना है कि मास्क, हेलमेट, बुर्का और नकाब पहनकर दुकान में आना मना है। अगर कोई यह सब पहनकर आता है तो उसे दुकान में एंट्री नहीं मिलेगी। यह कदम किसी समुदाय या वर्ग के खिलाफ नहीं, बल्कि पूरी तरह से सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है।
छत्तीसगढ़ में बुर्का – नकाब पहनकर हुई 2 बड़ी वारदात
एक महीने पहले अंबिकापुर के व्यस्ततम सदर रोड स्थित जगदंबा आभूषण भंडार में चोरी की कोशिश हुई थी। चोर ने पहचान छुपाने के लिए बुर्का पहन रखा था और दुकान के बगल में स्थित एक निर्माणाधीन भवन के रास्ते भीतर घुसने की कोशिश की। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी ने दुकान से सटे बन रहे भवन का सहारा लिया और दुकान की पहली मंजिल तक पहुंचने में कामयाब रहा। हालांकि, वह मुख्य दुकान तक नहीं पहुंच सका। इस दौरान दुकान के भीतर हुई हलचल और शोर के कारण आसपास के लोगों को भनक लग गई। खुद को घिरता देख चोर मौके से फरार हो गया।

