गन्ना किसानों के लिए ‘दीपावली-नवरात्रि’ की सबसे बड़ी सौगात: साय सरकार का बड़ा फैसला, बोनस दर बढ़कर हुई ₹425 प्रति क्विंटल

बोनस की दर 355 रुपये से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल की गई; पूरे प्रदेश में बटेंगे 51.09 करोड़ रुपये
रायपुर
छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के गन्ना उत्पादक किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के उद्देश्य से गन्ना बोनस की दर में बड़ी बढ़ोतरी की है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के विशेष प्रयासों से बोनस की गणना का आधार 355 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल कर दिया गया है।
इस निर्णय से कबीरधाम (कवर्धा) जिले के भोरमदेव सहकारी शक्कर उत्पादक कारखाना मर्यादित, राम्हेपुर से जुड़े 14,961 किसानों को पेराई सत्र 2025-26 के लिए लगभग 24.55 करोड़ रुपये की बोनस राशि प्राप्त होगी।
प्रति क्विंटल 95.95 रुपये की दर से मिलेगा बोनस
पेराई सत्र 2025-26 के लिए केंद्र सरकार द्वारा निर्धारित उचित और लाभकारी मूल्य (FRP) 329.05 रुपये प्रति क्विंटल है। राज्य सरकार की नई दर (425 रुपये) में से एफआरपी घटाने के बाद किसानों को 95.95 रुपये प्रति क्विंटल की दर से बोनस का भुगतान किया जाएगा।
भोरमदेव शक्कर कारखाने में इस पेराई सत्र के दौरान कुल 25,58,188 क्विंटल गन्ने की पेराई दर्ज की गई है। इस पूरी मात्रा पर 95.95 रुपये प्रति क्विंटल के हिसाब से कुल 24.55 करोड़ रुपये की बोनस राशि निर्मित हुई है, जो सीधे किसानों के खातों में अंतरित की जाएगी।
प्रदेश के 31 हजार से अधिक किसानों को 51.09 करोड़ का लाभ
राज्य सरकार के इस फैसले का दायरा केवल कबीरधाम तक सीमित नहीं है। प्रदेश के चारों सहकारी शक्कर कारखानों में सत्र 2025-26 के दौरान कुल 53,25,120 क्विंटल गन्ने की पेराई हुई है। इसके आधार पर पूरे प्रदेश के 31,022 गन्ना उत्पादक किसानों को कुल 51.09 करोड़ रुपये की बोनस राशि वितरित की जाएगी।
नवरात्रि के अवसर पर किसानों में खुशी की लहर
नवरात्रि के पावन पर्व के दौरान मिली इस सौगात से कबीरधाम जिले सहित समूचे प्रदेश के गन्ना किसानों में भारी उत्साह है। किसानों का कहना है कि बोनस राशि बढ़ने से उन्हें कृषि लागत निकालने, अगली फसल की तैयारी करने और कृषि कार्यों का समय पर निपटारा करने में काफी मदद मिलेगी। स्थानीय किसानों ने इस निर्णय के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया है।