रायपुर

छत्तीसगढ़ में सड़क सुरक्षा को लेकर सख्ती: मुख्य सचिव श्री विकासशील ने दिए दुर्घटनाएं रोकने प्रभावी उपायों के निर्देश

​रायपुर

​राज्य में लगातार बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए मुख्य सचिव श्री विकासशील की अध्यक्षता में राज्य स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सुप्रीम कोर्ट कमेटी ऑन रोड सेफ्टी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के दिशा-निर्देशों के तहत अब तक किए गए कार्याें की विस्तृत समीक्षा की गई।

​बैठक के प्रमुख निर्णय एवं निर्देश:

  • ​घायलों का त्वरित उपचार और सहायता: सड़क दुर्घटनाओं में घायलों का इलाज प्रधानमंत्री राहत योजना के तहत सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही, 108 एम्बुलेंस की समय पर उपलब्धता की सख्त मॉनिटरिंग और ट्रामा सेंटरों को और अधिक सुदृढ़ करने पर बल दिया गया।
  • ​नेक नागरिकों (Good Samaritans) का प्रोत्साहन: दुर्घटना पीड़ितों को तत्काल अस्पताल पहुँचाने वाले मददगार नागरिकों को प्राथमिकता से प्रोत्साहन और सम्मान राशि प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं।
  • ​8 जिलों पर विशेष फोकस: राज्य के सबसे अधिक दुर्घटना प्रभावित 8 जिलों—रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग, कोरबा, रायगढ़, बलौदाबाजार, सरगुजा और जगदलपुर (बस्तर)—में दुर्घटनाओं के कारणों का गहन वैज्ञानिक विश्लेषण कर विशेष कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया है।
  • ​सड़क डिजाइन और ब्लैक स्पॉट्स सुधार: लोक निर्माण विभाग (PWD) और एनएचएआई (NHAI) को ब्लैक स्पॉट्स को समय-सीमा के भीतर सुधारने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य सचिव ने इस बात पर जोर दिया कि भविष्य में सुधार कार्य कराने से बेहतर है कि सड़कों की शुरुआती डिजाइन ही सुरक्षित और तकनीकी रूप से त्रुटिरहित बनाई जाए।
  • ​आवारा पशुओं की समस्या का समाधान: सड़कों पर मवेशियों और आवारा पशुओं के विचरण को पूरी तरह रोकने के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
  • ​युवाओं की भागीदारी और जागरूकता: यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सभी शैक्षणिक संस्थानों में ‘रोड क्लब’ गठित करने का निर्णय लिया गया है। इससे युवा पीढ़ी को सीधे तौर पर सुगम यातायात प्रबंधन से जोड़ा जाएगा।
  • ​जिला स्तर पर नियमित समीक्षा: सभी जिलों के जिला कलेक्टरों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने जिलों में ‘जिला सड़क सुरक्षा समिति’ की नियमित बैठकें आयोजित करें और सुरक्षा उपायों की सतत मॉनिटरिंग करें।

​बैठक के प्रारंभ में परिवहन सचिव श्री एस. प्रकाश ने विभागीय गतिविधियों का विस्तृत ब्योरा प्रस्तुत किया। बैठक में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (यातायात) श्री प्रदीप गुप्ता सहित लोक निर्माण, स्वास्थ्य, जनसंपर्क और भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Home
login
Wtsp
Search
Insta
CONTACT
error: Content is protected !!