बिलासपुर/सीपत — जिले के सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत खम्हरिया मेन बस स्टैंड स्थित रमेश ज्वैलर्स में सोमवार शाम करीब 7 बजे बड़ी लूट की वारदात हो गई। बाइक सवार तीन नकाबपोश युवकों ने दुकान बंद कर रहे संचालक से सोना-चांदी और नगदी लूटकर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार, दुकान संचालक विनय सोनी, जो बलौदा से प्रतिदिन अप-डाउन करते हैं, रोज की तरह शाम को दुकान बंद कर रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक पहुंचे। आरोपियो ने तीन झोलों में भरे आभूषण छीन लिए और मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि बदमाश करीब 6 किलो चांदी, सोने के जेवर और कुछ नगदी सहित लगभग 50 लाख रुपये का माल लेकर बिटकुला की ओर भाग निकले। हालांकि आभूषण कितने का था इसका इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
सूचना मिलते ही सीपत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बाइक सवार संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय व्यापारियों ने घटना पर कड़ा आक्रोश जताते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और नियमित पुलिस गश्त एवं स्थाई पुलिस चौकी की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी

