बिलासपुर — महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर ब्रह्माकुमारीज के मेडिटेशन ट्रेनिंग सेंटर, रघुविहार द्वारा 12 फरवरी से 16 फरवरी तक पाँच दिवसीय “शिवमंगल मिलन मेला” का आयोजन किया जा रहा है। मेले के प्रथम दिवस पर भव्य नारी शक्ति सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें “मेरा घर – मेरा स्वर्ग” विषय पर विशेष वर्कशॉप संपन्न हुई।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि श्रीमती नागेश्वरी साहू (भाजपा जिला उपाध्यक्ष, बिलासपुर) रहीं, जबकि सेंटर इंचार्ज तोरवा बी.के. राखी दीदी ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे। मंच पर आयोजन समिति के अध्यक्ष बी.के. विकास भाई एवं तालापारा सेंटर इंचार्ज बी.के. रमा दीदी की गरिमामयी उपस्थिति रही।
सम्मेलन का उद्देश्य परिवारों में आध्यात्मिक मूल्यों का जागरण, सकारात्मक सोच का विकास तथा नारी शक्ति को परिवार और समाज निर्माण की सशक्त आधारशिला के रूप में जागरूक करना रहा। वक्ताओं ने कहा कि जब घर का वातावरण शांति, प्रेम और संस्कारों से परिपूर्ण होता है, तभी वह वास्तविक अर्थों में “स्वर्ग” बनता है।
मुख्य वक्ता बी.के. राखी दीदी ने संकल्प और वाणी की शक्ति पर प्रकाश डालते हुए कहा,
“हमारे बोल और संकल्प ही हमारे परिजनों के परिवर्तन का आधार हैं। शुभ संकल्प और मधुर वाणी किसी भी व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला सकते हैं। इसलिए हर परिस्थिति में हमें अपने विचार और शब्द सकारात्मक रखने चाहिए।”
मुख्य अतिथि नागेश्वरी साहू ने संस्था की बहनों की सराहना करते हुए कहा,
“हर नारी शिव की शक्ति है, जो सृष्टि के सृजन और संस्कारों के संरक्षण की आधारशिला है।”
कार्यक्रम का संचालन बी.के. शारदा बहन ने किया। संस्था का परिचय बी.के. अंजली बहन द्वारा दिया गया तथा अंत में बी.के. रमा दीदी ने आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर जूनियर मिस इंडिया का खिताब प्राप्त गार्गी ओंटेन सहित विभिन्न महिला समितियों की अध्यक्षों को उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।
लगभग 150 नारी शक्तियों की प्रेरणादायी उपस्थिति के साथ कार्यक्रम उत्साहपूर्ण एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
सकारात्मक संकल्प से बनेगा स्वर्ग समान घर : नारी शक्ति सम्मेलन में मिला आध्यात्मिक संदेश
Bilaspur Bulletin
Editor in chief
Kamal kumar gupta
BJMC ,MJMC, ph,D (per)

