
सीपत — थाना सीपत की पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अपहरण के आरोपी किशोर कुमार यादव (18 वर्ष), निवासी बोदरी, जिला बिलासपुर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी पर अपहृत नाबालिक लडक़ी के साथ शारीरिक शोषण का आरोप है। आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट की धारा 4 और 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्रार्थी ने 26 नवंबर 2025 को थाना सीपत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिक बेटी को कोई अज्ञात व्यक्ति बहला फुसलाकर घर से भगा ले गया है।
इस मामले में थाना प्रभारी सीपत ने तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम गठित की और आरोपी की तलाश शुरू की। इसके बाद जानकारी मिली कि आरोपी किशोर कुमार यादव ने अपहृत लडक़ी को ग्राम तोरला, थाना सरगांव, जिला मंगेली में रखा हुआ था। थाना प्रभारी सीपत की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहृता को आरोपी के कब्जे से मुक्त कराया। आरोपी के खिलाफ शारीरिक शोषण के आरोप में धारा 87, 64(एम) और पोक्सो एक्ट की धारा 4, 6 जोड़ी गई और आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि हमारी टीम ने अपहरण की शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई की और अपहृत लडक़ी को सुरक्षित बरामद किया। आरोपी पर शारीरिक शोषण के आरोप हैं और उसे न्यायिक प्रक्रिया के तहत सजा दिलवाने का पूरा प्रयास किया जाएगा। हम इस तरह के मामलों में पूरी कठोरता से कार्रवाई करते रहेंगे। सीपत पुलिस का यह कदम एक मजबूत संदेश देता है कि अपहरण और शारीरिक शोषण जैसे अपराधों में कोई भी आरोपी नहीं बचेगा और पुलिस जल्द से जल्द न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।

