Thursday, February 26, 2026

राशि पावर में तिरंगे का अपमान , प्रबंधन की लापरवाही उजागर

बिलासपुर – मस्तूरी विधानसभा क्षेत्र के पाराघाट में स्थित राशि स्टील प्राइवेट लिमिटेड में गणतंत्र दिवस के मौके पर बेहद शर्मनाक घटना सामने आई है। जब पूरा देश तिरंगे की आन-बान और शान में डूबा था, तब इस कंपनी के परिसर में राष्ट्रगान के दौरान राष्ट्रीय ध्वज अचानक रस्सी से फिसलकर जमीन पर आ गिरा। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है जिससे लोगों में भारी आक्रोश है।

सूत्रों का कहना है कि राशि स्टील का विवादों से पुराना नाता है। इससे पहले भी गणतंत्र दिवस पर इस कंपनी में अजीबोगरीब हरकतें हो चुकी हैं। आरोप है कि पिछले साल जब भारत माता की जय के नारे लगने चाहिए थे, तब वहां प्रबंधन की चापलूसी में राशि स्टील की जय के नारे लगाए गए थे। अब तिरंगे के गिरने की इस ताजा घटना ने साफ कर दिया है कि कंपनी प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय पर्व महज एक रस्म अदायगी है।

प्रशासन की चुप्पी पर उठ रहे सवाल

वीडियो सामने आने के बाद इलाके के लोगों में गुस्सा है। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि तिरंगा गिरते ही वहां सन्नाटा पसर गया लेकिन इतनी बड़ी चूक पर अब तक कंपनी की ओर से कोई माफीनामा या बयान नहीं आया है। लोग मांग कर रहे हैं कि राष्ट्रीय गौरव अपमान निवारण अधिनियम के तहत जिम्मेदारों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी कंपनी राष्ट्रीय प्रतीकों के साथ ऐसा मजाक न कर सके। फिलहाल इस मामले में राशि स्टील प्रबंधन कुछ भी कहने से बच रहा है। बिलासपुर पुलिस और जिला प्रशासन के पास यह मामला पहुंच चुका है। अब देखना होगा कि राष्ट्रीय ध्वज के अपमान के इस गंभीर मामले में प्रशासन राशि स्टील के मालिकों पर क्या कार्रवाई करता है या फिर रसूख के आगे इस फाइल को भी दबा दिया जाएगा।

 

तिरंगे का अपमान गलत है ,  प्रबंधन के ऊपर वैधानिक कार्यवाही प्रशासन को करना चाहिए।

महेन्द्र गंगोत्री

जिला अध्यक्ष (ग्रामीण) जिला कांग्रेस कमेटी

spot_img

Bilaspur Bulletin

Editor in chief
Kamal kumar gupta
BJMC ,MJMC, ph,D (per)

खबरें और भी है

Home
login
Wtsp
Search
Insta
CONTACT
error: Content is protected !!