Thursday, February 26, 2026

जनदर्शन में कलेक्टर ने सुनीं सैकड़ों फरियादें, त्वरित निराकरण के निर्देश

बिलासपुर, 24 फरवरी 2026।
जिले में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर संजय अग्रवाल ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। बिना किसी औपचारिकता के आमजन ने सीधे कलेक्टर के समक्ष अपनी शिकायतें और आवेदन प्रस्तुत किए। कलेक्टर ने अधिकांश मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को जांच कर समयबद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में तखतपुर विकासखंड के ग्राम चनाडोंगरी की गंगोत्री बाई ने बताया कि उनकी लगभग 20 डिसमिल भूमि चार दशक पूर्व घोंघा जलाशय के डूब क्षेत्र में चली गई, लेकिन अब तक मुआवजा नहीं मिला। कलेक्टर ने प्रकरण जल संसाधन विभाग को भेजते हुए परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वहीं ग्राम पत्थर्रा की सरपंच ज्योति गोस्वामी ने जर्जर मिडिल स्कूल भवन के स्थान पर नए भवन निर्माण की मांग रखी, जिस पर जिला पंचायत सीईओ को जांच के निर्देश दिए गए।
बिल्हा विकासखंड के ग्राम मदनपुर की श्रमिक सरिता बाई ने मनरेगा के तहत 15 दिनों की लगभग 5 हजार रुपए मजदूरी लंबित होने की शिकायत की। इस पर भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मस्तूरी के सुकुलकारी ग्राम में रोजगार सहायक द्वारा सरकारी राशि से निजी भूमि पर बोर खनन कराने की शिकायत पर भी जांच के आदेश जारी हुए।
गढ़ कलेवा संचालित करने वाले महिला समूह ने भोजन पैकेट का भुगतान लंबित होने की जानकारी दी, जिस पर संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। हरदी कला के किसान मुरली प्रसाद साहू ने गरमी फसल के लिए खाद उपलब्ध नहीं होने की समस्या उठाई, जिस पर उप पंजीयक सहकारिता को तत्काल व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
मस्तूरी निवासी लक्ष्मीबाई, जो भूतपूर्व सैनिक की पत्नी हैं, ने वर्ष 2021 से मकान निर्माण हेतु 5 डिसमिल भूमि लंबित होने की शिकायत दर्ज कराई। कलेक्टर ने मामला एसडीएम मस्तूरी को भेजकर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
ढेका बाईपास सड़क निर्माण से प्रभावित किसानों ने फसल क्षति का आकलन कर मुआवजा दिलाने की मांग की। कलेक्टर ने आवेदन एसडीएम बिलासपुर को प्रेषित कर नियमानुसार जांच और कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।
जनदर्शन में नगर निगम आयुक्त प्रकाश सर्वे एवं जिला पंचायत सीईओ संदीप अग्रवाल भी उपस्थित रहे और नागरिकों की समस्याओं के निराकरण हेतु आवश्यक पहल की।
कार्यक्रम में प्रशासन की त्वरित और संवेदनशील कार्यप्रणाली से आमजन में विश्वास और संतोष का वातावरण देखने को मिला।

spot_img

Bilaspur Bulletin

Editor in chief
Kamal kumar gupta
BJMC ,MJMC, ph,D (per)

खबरें और भी है

Home
login
Wtsp
Search
Insta
CONTACT
error: Content is protected !!